खाद्य सुरक्षा अभियान: डी-मार्ट में फंगस लगे काजू-पिस्ता नष्ट

खाद्य सुरक्षा अभियान: डी-मार्ट में फंगस लगे काजू-पिस्ता नष्ट

Vinod Naraniwal September 08, 2026

भीलवाड़ा। जिले में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग मंगलवार को एक्शन मोड में दिखा। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा की निगरानी में तीन टीमों ने मॉल, फैक्ट्री और ढाबों का एक साथ निरीक्षण किया।

शहर स्थित डी-मार्ट में जांच के दौरान करीब पचास किलोग्राम फंगस लगे और दूषित काजू-पिस्ता मिले। आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए टीम ने इन्हें मौके पर ही नष्ट करवाया। अजमेर रोड स्थित केक ए फैक्ट्री से आठ किलो बेकरी उत्पाद तथा माण्डल चौराहे के यूनिक ढाबे से अंडे सहित दस किलो सामग्री भी नष्ट करवाई गई।

रिलायंस मॉल और सिटी सेंटर मॉल का भी जायजा लिया गया। वहां पैकेजिंग, रख-रखाव और सुरक्षा मानकों की समीक्षा कर संबंधित प्रतिष्ठानों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

ब्लीकंट ई-कॉमर्स (नेहरू रोड) से कच्ची घाणी सरसों तेल तथा द ओमजी सुपरमार्ट (शास्त्रीनगर) से घी व धनिया पाउडर के नमूने लिए गए। सुधारात्मक नोटिस जारी किए गए और नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजे गए। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई होगी।

पहली टीम में पवन कुमार, साक्षी जैन, शाहरूख खान और विजय मेहता; दूसरी में कुलदीप चौधरी, नीरज मीना, अंकित शर्मा और संजय वर्मा; तीसरी में अशोक यादव समेत टीम शामिल रही। सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने साफ कहा कि दूषित या मिलावटी सामग्री पर कोई समझौता नहीं होगा और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

— भीलवाड़ा केसरी डेस्क