भीलवाड़ा। नगर निगम चुनाव की मतगणना राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, तिलकनगर में होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर प्रवेश व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखा गया है।
गणना सुपरवाइजर, सहायक और व्यवस्था कर्मी महाविद्यालय के दक्षिण दिशा में बने अस्थाई द्वार से आएंगे; सामान्य व्यवस्था प्रकोष्ठ ने द्वार को दो भागों में बांटा है। अभ्यर्थी, उनके निर्वाचन अभिकर्ता और गणना अभिकर्ता पश्चिम अस्थाई द्वार व चैनल गेट से निर्धारित कक्ष पहुंचेंगे।
प्राधिकार पत्र वाले मीडिया प्रतिनिधि सामने के मुख्य गेट से प्रवेश कर सकेंगे। सुचारू आवागमन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
— भीलवाड़ा केसरी डेस्क