स्वैच्छिक रक्तदान अभियान 17 सितंबर से: 1-2 अक्टूबर को मेगा शिविर

स्वैच्छिक रक्तदान अभियान 17 सितंबर से: 1-2 अक्टूबर को मेगा शिविर

Vinod Naraniwal September 16, 2026

भीलवाड़ा। जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता बढ़ाने हेतु जिले में स्वैच्छिक रक्तदान अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य में यह अभियान जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा के अनुसार इस वर्ष की थीम है—One Drop of Humanity. Give Blood. Save Lives, अर्थात मानवता की एक बूंद, रक्तदान करें, जीवन बचाएं। अभियान का उद्देश्य जागरूकता बढ़ाने के साथ नियमित रक्तदाताओं का मजबूत आधार तैयार करना भी है। अभियान अवधि में जिलेभर में रक्तदान शिविर लगेंगे तथा 1 और 2 अक्टूबर को विशेष मेगा शिविर आयोजित होंगे। आमजन को प्रेरित करने के लिए शपथ कार्यक्रम भी रखे गए हैं।

डिप्टी सीएमएचओ डॉ. प्रवीण झरवाल ने बताया कि एनसीसी, उच्च शिक्षा संस्थान, माय भारत स्वयंसेवक, युवा संगठन, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी और स्वयंसेवी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रांतियां दूर करने हेतु पंचायत स्तर पर जागरूकता और रक्तदाताओं के सम्मान कार्यक्रम होंगे। उप जिला व जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज से जुड़े ब्लड सेंटर तथा पीएचसी/सीएचसी पर यथासंभव रक्त समूह परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

शिविर स्थलों में कुण्डगेट शाहपुरा का राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, जालमपुरा, बालाजी मंदिर जालमपुरा, आटूण रोड स्थित अरबन फॉरेस्ट (ओस्तवाल ग्रुप), प्राइवेट बस स्टैंड का काटेड भवन, स्वामी रामचरण मार्ग का रामद्वारा तथा पोरवाल हॉस्पीटल शामिल हैं। सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने युवाओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस मानवीय अभियान से जुड़कर स्वैच्छिक रक्तदान करें।

— भीलवाड़ा केसरी डेस्क