भीलवाड़ा। राज्य सरकार के निर्देश पर विकसित भारत जनसेवा अभियान 17 सितंबर से जिले में शुरू हो रहा है। कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेकर नोडल विभागों व अधिकारियों को सफल क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
17 सितंबर सायं सात बजे नव-लाभान्वित परिवार दीप प्रज्वलन करेंगे; उसी दिन रक्तदान शिविर भी होंगे। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक विद्यालयों में “मेरे सपनों का भारत” व “विकसित राजस्थान” पर चित्रकला, भाषण व निबंध प्रतियोगिताएं होंगी।
ग्रामीण क्षेत्र में 18–25 सितंबर और शहरी क्षेत्रों में 22 सितंबर–17 अक्टूबर तक “नमो सेवा – अनकही कहानियाँ” का प्रसारण होगा। 25–27 सितंबर को आंगनवाड़ी व आशा सहयोगिनियों का अभिनंदन, सेवा की कहानी रील्स, 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा तथा 2 अक्टूबर को स्वच्छता-सामुदायिक सेवा गतिविधियां प्रस्तावित हैं।
सेवा सेतु शिविर (ग्रामीण 19–25 सितंबर, शहरी 8–16 अक्टूबर), रंगोली प्रदर्शन (24 सितंबर व 11 अक्टूबर), सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज (1–15 अक्टूबर) और सुशासन सेवा संवाद भी शेड्यूल में हैं। फोटो-वीडियो विभागीय पोर्टल पर अपलोड अनिवार्य होंगे।
नगरीय निकाय चुनाव प्रक्रियाधीन होने से आचार संहिता की पालना पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर हरीतिमा, एनआईटी सचिव गौरव रविंद्र सालुंखे, जिला परिषद सीईओ चंद्रभान सिंह भाटी, नगर निगम आयुक्त कमल सिंह यादव सहित नोडल अधिकारी मौजूद रहे।
— भीलवाड़ा केसरी डेस्क